एटा। पोस्टमार्टम हाउस पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : ETAH
एटा। दूध लेने घर से निकली महिला किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से परिवारीजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं अन्य दुर्घटना में बाइक से पति के साथ जा रही एएनएम को ट्रक ने कुचल दिया। दोनों महिलाओं के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिवारजनों को सौंप दिया है।
कोतवाली नगर के आगरा रोड स्थित चुंगी के पास बृहस्पतिवार की सुबह 11.30 बजे बाइक पर सवार अनिल कुमार अपनी पत्नी सुरेखा को लेकर फिरोजाबाद जा रहे थे, तभी ट्रक की चपेट में आ गए। महिला बाइक से गिर गई और ट्रक की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति को हल्की चोटें आईं। परिजनों ने बताया है कि सुरेखा अमांपुर जिला कासगंज में संविदा पर एएनएम के पद पर तैनात थीं।
वहीं दूसरा हादसा थाना अवागढ़ के नगला लोधा बंबा समीप स्थित प्रेमादेवी विद्यालय के पास हुआ। जहां किसी वाहन की चपेट में आने से देवश्री (65) पत्नी अजब सिंह निवासी मोहल्ला कछपुरा अवागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि महिला सुबह छह बजे दूध लेने जा रही थी तभी हादसे का शिकार हो गई। खबर मिलने पर परिवारीजन पहुंच गए और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।