09एमएनपी-06-कुरावली में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों से जानकारी जुटाती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
कुरावली (मैनपुरी)। जीटी रोड पर रविवार देर रात ओवरटेक करने के दौरान डीसीएम का पिछला हिस्सा रोडवेज बस से टकरा गया। तेज झटका लगने के कारण बस की पिछली सीट पर बैठे युवक का सिर सीट के पाइप में टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जनपद रायबरेली के गांव शमशेरपुरवा निवासी मुकेश कुमार (24) पुत्र गंगा विशुन ईंट भट्ठे पर मुनीम था। रविवार शाम मुकेश अपने साथी वीरपाल पुत्र जागेश्वर निवासी ग्राम मजरकुड़वा रायबरेली के साथ रोडवेज बस से दिल्ली जा रहा था। देर रात करीब 12:30 बजे बस थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित संत नगर के पास से गुजरी।
तभी पीछे से आ रही डीसीएम ने बस को ओवरटेक किया। इस दौरान डीसीएम का पिछला हिस्सा रोडवेज बस से टकरा गया। तेज झटके से बस की पिछली सीट पर बैठे मुकेश का सिर आगे की सीट पर लगे लोहे के पाइप से टकरा कर फट गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
----
नींद में ही चली गई जान
मुकेश के साथी वीरपाल ने बताया कि डीसीएम की टक्कर के बाद बस को तेज झटका लगा था। मुकेश के अलावा किसी को भी चोट नहीं आई। संभवत: हादसे के दौरान मुकेश नींद में था। इस कारण उसे संभलने का मौका नहीं मिला। यदि वह जाग रहा होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
----