मृतक धीरेंद्र शाक्य का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
कुरावली। गांव सुजरई में नगर पंचायत की ओर से लगाए गए वाटर कूलर में मंगलवार को करंट आने से एक युवक इसकी चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला सुजरई निवासी धीरेंद्र शाक्य (23) लहसुन बेचने का काम करता था। मंगलवार की शाम वह कायमगंज से लौटकर घर आया था। रात करीब 10 बजे जब वह खाना खाने के लिए बैठा तो मां ने उसे मोहल्ले में लगे नगर पंचायत के वाटर कूलर से पानी भरकर लाने की बात कही।
वह वाटर कूलर से पानी भर रहा था, तभी उसमें करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आकर वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अराजक तत्वों ने काटा था तार
मंगलवार की शाम किसी अराजक तत्वों ने वाटर कूलर का तार काट दिया था। हादसे के बाद जब वाटर कूलर को देखा गया तो तार कटा हुआ था। वहीं, उसमें प्लास चिपका हुआ मिला। पुलिस हरकत करने वाले का भी पता लगा रही है।