कुरावली। बस स्टैंड के पास शुक्रवार दोपहर साइकिल से खेत पर जा रहे बालक को कार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव नानामऊ निवासी इंद्रपाल जाटव का बेटा गुड्डू (10) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। साइकिल से वह बस स्टैंड के पास पहुंचा, तभी मार्ग से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती करवाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
कक्षा पांच का छात्र था गुड्डू
सड़क हादसे में गुड्डू की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि गुड्डू के अलावा दो भाई व एक बहन है। वह तीन भाइयों में बीच का था। वह एक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।