25एमएनपी-28-किशनी में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : MAINPURI
किशनी (मैनपुरी)। तिलक चढ़ाकर लौट रहे लोग मंगलवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में घायल सभी छह लोगों को सैफई रेफर किया गया है।
जनपद इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव गंगापुर निवासी रामदत्त सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार की सुबह करीब ढाई बजे कार जब थाना क्षेत्र में विधूना चौराहा से आगे इटावा मार्ग पर पहुंची, तभी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में कार सवार रामदत्त, विकास, विनोद, जीतू, रितिक, और अनुज घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। सभी घायलों को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मार्ग का आवागमन अवरुद्ध हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने के बाद मार्ग का आवागमन सुचारु कराया।
युवक के साथ मारपीट
कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव मिढावली कला निवासी पंकज कुमार ने थाने में तहरीर दी कि सोमवार की शाम करीब सात बजे वह लखौरा स्थित एक पेट्रोल पंप से डीजल लेने गया था। डीजल कम दिया गया वहीं अधिक रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की बैटरी सहित चोर पकड़ा
औंछा। थाना क्षेत्र के गांव ईकरी निवासी शिव वीर सिंह की वैन से दो फरवरी की रात गांव के ही युवक ने बैटरी चोरी कर ली थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को बैटरी सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेजा है।