22एमएनपी-25-बेवर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई हंसकार
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। बरात चढ़ाने के बाद वापस लौट रहे बैंडकर्मियों के वाहन शुक्रवार रात रास्ते में टकरा गए। हादसे में आतिशबाजी करने वाले युवक की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव बमैया निवासी सतीश यादव उर्फ आधार की पुत्री शिवानी की बारात शुक्रवार को आई थी। बारात में छिबरामऊ चुंगी का एक बैंड भी आया था। देर रात करीब 11:30 बजे बारात चढ़ाने के बाद बैंडकर्मी हंस कार और डीजे वाहन में बैठकर वापस लौट रहे थे। दोनों वाहन जब बेवर कुसमरा मार्ग पर पांडेय वाले बाग के सामने पहुंचे, तभी आपस में टकरा गए। हादसे में आतिशबाजी करने वाले 35 वर्षीय सुभाष निवासी काजीहार, 30 वर्षीय पंकज निवासी गांव शीलवंत राज नगर, नफीस अली, मगरेश, गोपाल निवासी गांव हदुआ, उमर अली निवासी नगला डाल थाना विशुनगढ़ कन्नौज व विनय निवासी गांव धनकरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां सुभाष को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।