यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। एक बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र और दामाद को किसी वाहन ने रौंद दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी नहीं हो सकी।
बताया गया है कि हाथरस जनपद के थाना सहपऊ के गांव खोंडा निवासी करुआ (52) पुत्र छोटेलाल अपने बेटे शेरू खां (30) और दामाद जलालुद्दीन (28) पुत्र समसुद्दीन निवासी बेल का नगला थाना बरहन, आगरा के साथ एक ही बाइक पर बैठकर दिल्ली गए थे। वहां से होकर नोएडा होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते हाथरस लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें: चेतावनीः जहां मिलेगी भीड़... उसी को बना देंगे बफर जोन, मिनी लॉकडाउन में रहेगी निजी वाहन पर रोक
रास्ते में मंगलवार सुबह तकरीबन 4.15 बजे थाना नौहझील क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एक्सप्रेस-वे कर्मियों की मदद से मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।