40 साल से अतिक्रमित चकमार्ग कराया गया कब्जामुक्त
पिनाहट। उपजिलाधिकारी विनोद कुमार के आदेश पर ग्राम सूखाताल, मौजा भरी नगला स्थित चकमार्ग को शनिवार को राजस्व टीम ने अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। कार्रवाई नायब तहसीलदार दयाचंद्र पौरुष के निर्देशन में की गई।
रमेश सिंह परिहार की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चकमार्ग की पैमाइश और चिन्हांकन किया। लेखपाल मंजीत सिंह एवं अमित कटारा की मौजूदगी में जेसीबी से मिट्टी का कार्य कराकर चकमार्ग को कब्जामुक्त कराया गया। बताया गया कि गांव के राजपाल सहित अन्य लोगों ने करीब 40 वर्षों से चकमार्ग पर अतिक्रमण कर उसे अपने खेत में जोत रखा था। राजस्व टीम की कार्रवाई के बाद चकमार्ग को पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए बहाल करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही।