गांव करीमगंज में निरीक्षण के दौरान हालातों के बारे में डीएम से जानकारी लेते कैबिनेट मंत्री रामन?
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कस्बा करीमगंज पहुंचे। यहां उन्होंने अस्थाई अस्पताल में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए निर्देशित किया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें उन्हें हर संभव उपचार दिलाया जाएगा।
आबकारी मंत्री जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और सीएमओ के साथ बुधवार को कस्बा करीमगंज पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अब तक के हालातों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे झोलाछापों के उपचार से बचें।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि डेंगू की रिपोर्ट हर हाल में अगले दिन उपलब्ध करा दी जाए। डीएम ने डेंगू की रिपोर्ट को गांव के अस्थाई अस्पताल में चस्पा करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अरविंद तोमर, विशंभर तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन आदि उपस्थित रहे। संवाद