फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वृद्धाश्रम का भावुक कर देने वाला दृश्य: न भाई आया, न बहन ने सुध ली; दूज पर बुजुर्गों ने खुद ही बना लिया परिवार

Thu, 12 Nov 2026 12:02 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में भाई दूज पर अपनों से दूर बुजुर्गों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर नए रिश्तों का पर्व मनाया। किसी को भाई मिला तो किसी को बहन, और इस तरह आश्रम में ही उन्होंने अपना परिवार खोज लिया।
 
विज्ञापन
वृद्धाश्रम का भावुक कर देने वाला दृश्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दहलीज पर टकटकी लगाए बूढ़ी आंखें जब थक गईं और अपनों के आने की कोई आहट नहीं हुई तो आंसुओं ने ही तन्हाई का दर्द धो डाला। भाई दूज के मौके पर जब लोग घरों में टीका कर भाई-बहन की सलामती मांग रहे थे तब रामलाल वृद्धाश्रम में बेसहारा बुजुर्गों ने खुद ही नए रिश्ते बना लिए। न किसी भाई की कलाई पर रक्षा का धागा बांधने कोई बहन आई न किसी बहन के माथे पर नेह का टीका लगाने कोई भाई पहुंचा। बुजुर्गों ने एक-दूसरे को तिलक लगाया और गैरों के हाथों में ही परिवार खोज लिया।
विज्ञापन



अपनों की बेरुखी ने बनाया एक-दूजे का सहारा
जीवनी मंडी निवासी सावित्री अग्रवाल बीते तीन साल से इस आश्रम में रह रही हैं। उनके दो बेटे हैं लेकिन पारिवारिक तालमेल के अभाव और व्यस्तताओं के चलते उन्हें घर छोड़ना पड़ा। वह बताती हैं कि दोनों बेटे अपने जीवन में व्यस्त हैं और बात नहीं बन सकी। इसी आश्रम में उन्हें शास्त्रीपुरम निवासी हरिशंकर के रूप में बड़े भाई मिल गए हैं। हरिशंकर अपनी पत्नी शांति देवी के साथ तीन साल से यहां रह रहे हैं। बच्चों से सहारा न मिलने पर उन्होंने आश्रम की राह चुनी। वह बताते हैं कि उनकी एक बहन मुंबई में रहती है जिसका कभी-कभार फोन आता है। ऐसे में सावित्री उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर स्नेह देती हैं। सावित्री भी उन्हें पिता तुल्य बड़ा भाई मानती हैं। भाई दूज पर जब सावित्री ने हरिशंकर के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई तो दोनों की आंखें भर आईं।


लता जी में बहन मिली
नरेश ने कहा कि सड़क हादसे के बाद मेरी पूरी जिंदगी उजड़ गई। मां का साया सिर से उठा तो सगे भाइयों ने भी साथ छोड़ दिया। चार साल से इस वृद्धाश्रम में हूं। यहां लता कपूर मुझे सगी बहन जैसा दुलार देती हैं। भाई दूज पर उनका लगाया तिलक मुझे मेरे टूटे परिवार की याद भी दिलाता है और जीने की हिम्मत भी।
विज्ञापन



अब यही मेरा परिवार
लता कपूर ने बताया कि पति के देहांत के बाद जीवन में सिर्फ अकेलापन रह गया था। ससुराल माउंट आबू में थी लेकिन आगरा में बहनें होने के कारण यहां आ गई। अपना कोई सगा भाई नहीं है। जब अपनों ने हाथ खींच लिए तो आश्रम आ गई। अब यहीं के लोग मेरे सब कुछ हैं और यहीं मैंने अपने भाई-बहन बना लिए हैं।


रामलाल वृद्धाश्रम के संचालक शिवप्रसाद शर्मा ने कहा कि अपनों के बिना हर त्योहार अधूरा सा लगता है लेकिन हमारी कोशिश रहती है कि इस चौखट के भीतर कोई भी बुजुर्ग खुद को तन्हा न समझे। साझा दुखों ने यहां सबको एक डोर में बांध दिया है और अब यह आश्रम ही इन सबका संयुक्त परिवार है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें