आगरा। बमरौली स्थित जेबी क्रिकेट ग्राउंड पर डीसीसी के खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन करते हुए कैलाश एयर स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। पहले गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 89 रन पर समेटा, फिर बल्लेबाजों ने महज नौ ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कैलाश एयर स्ट्राइकर्स की टीम 19 ओवर में 89 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिषेक शर्मा ने 33 गेंदों पर 37 रन और प्रशांत तोमर ने 20 गेंदों पर 16 रन बनाए। डीसीसी की ओर से कुनाल दीक्षित ने तीन विकेट लिए जबकि आरव और विजय सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। देविल सुमित यादव ने चार ओवर में महज पांच रन देकर दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीसी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। आरव ने 32 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 45 रन बनाए। ओम वर्मा ने 15 गेंदों पर पांच चौकों के साथ 28 रन और कुनाल दीक्षित ने पांच गेंदों पर 16 रन की तेज पारी खेली। डीसीसी ने नौ ओवर में दो विकेट खोकर 94 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। आरव को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बेट्समैन चुना गया। वहीं चार ओवर में केवल पांच रन देकर दो विकेट लेने वाले देविल सुमित यादव को बेस्ट बॉलर का सम्मान मिला।