आवास विकास सेक्टर तीन में दिआवास विकास में पानी की समस्या और जलकल के बढ़े बिलों के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सेक्टर तीन में धरना दिया। सांकेतिक रूप से भैंस के आगे बीन बजाकर विधायक जगन प्रसाद गर्ग और जलकल महाप्रबंधक मंजू गुप्ता को जगाने का संदेश दिया।
पार्टी के जिला संयोजक कपिल वाजपेयी का कहना था कि जिनके यहां वर्षों से पानी नहीं आया, उनके यहां जलकल विभाग ने हजारों रुपये का बिल भेज दिया है। बिल न जमा करने पर कुर्की का नोटिस भेजा जा रहा है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हैं। उन्होंने विधायक जगन प्रसाद गर्ग पर जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आए दिन पानी की पाइप लाइन लीक हो जाती है। इस दौरान सुषमा देवी, शकुंतला, ज्योति, कल्पना गुप्ता, मोहिनी देवी, भानु शर्मा आदि मौजूद रहे।
वजीरपुरा में पानी न मिलने पर फोड़े मटके
वजीरपुरा क्षेत्र में पानी न मिलने पर आम आदमी पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेतृत्व में लोगों ने मटके फोड़े। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई दिनों से क्षेत्र में पानी की सप्लाई प्रभावित है। कई बार शिकायत के बाद भी जल संस्थान के अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में पदयात्रा भी निकाली। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गत सोमवार को जल संस्थान महाप्रबंधक का घेराव कर समस्या बताई थी। इसके बाद भी लोग पानी को तरस रहे हैं। प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डा. बीडी खान अल्वी ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हेमंत सिंह परिहार, अफसाना, यामीन, सुनहरी लाल, शहजाद, शानू कुरैशी आदि मौजूद थे। इधर, रविवार को जीवनी मंडी वाटर वर्क्स से जुड़े कई क्षेत्रों में पानी सप्लाई प्रभावित रही। काला महल, पीपल मंडी, दरेसी, रावतपाड़ा आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रही।