दिल्ली के बाद अब आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में हिस्सा लेगी। मंगलवार को आगरा में पार्टी के उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बैठक में 'आप' नेता और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने यह बात कही। हालांकि संजय सिंह ने साफ किया पार्टी को जहां अपनी स्थिति मजबूत लगेगी, वहीं हम प्रत्याशी उतारेंगे।
आगरा के कमला नगर स्थित होटल टैंपटेशन में पत्रकार वार्ता के दौरान संजय सिंह ने बताया कि आगरा में पार्टी के पदाधिकारी और वेस्ट यूपी जोन के पदाधिकारियों की बैठक रखी गई है। इसमें हम उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान शहरों में संगठन की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद ही यह तय होगा कि कितने पदों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ सकती है। बैठक के बाद इसका निर्णय कर लिया जाएगा।
आप नेता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 'आप' की जिला इकाई खुद से निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों का चयन करके जोनल कमेटी को देगी। जोनल कमेटी ही प्रत्याशी का चुनाव करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी एक आवेदन पत्र भी जारी करेगी जिसमें जो भी व्यक्ति आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहता है आवेदन कर सकता है। हर वार्ड से तीन नाम भेजे जाएंगे।
दिल्ली में अपनी पार्टी में बगावत को झेल रही आम आदमी पार्टी ने यूपी निकाय चुनाव में प्रतिभाग की घोषणा के साथ ही यहां नये समीकरणों को जन्म दे दिया है। हालांकि यूपी की जनता 'आप' को कितना समर्थन देगी यह चुनाव के बाद ही साफ हो सकेगा।