कासगंज पटियाली के नरदौली में झोपड़ियों में लगी आग
- फोटो : KASGANJ
पटियाली(कासगंज)। गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम नरदोली में मंगलवार दोपहर के समय अज्ञात कारणों से लगी आग से 10 झोंपड़ियां जलकर राख हो गईं। दमकल व ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया। ग्राम नरदोली निवासी हरवीर सिंह की झोंपड़ी में दोपहर लगभग तीन बजे अचानक आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग बुझाने का प्रयास कर पाते तब तक आग ने पड़ोस के देव सिंह, रामसेनही, रामसेवक, उर्मिला देवी, रामू, रतिभान सिंह, कुलदीप, गप्पू, रामदेवी की झोंपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि कुछ झोंपड़ियों में ग्रामीणों के द्वारा ट्रैक्टर, इंजन, चक्की आदि चलाने के लिए डीजल मंगाकर रखा हुआ था। ग्रामीणों ने साहस करके आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाया। इस बीच हरवीर सिंह का गल्ला, देव सिंह की 18 बोरी खाद, गल्ला आदि जल गया। मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार तिमराज सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल अमर सिंह को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया। तहसीलदार ने बताया कि अग्नि पीड़ित परिवारों की हर सम्भव मदद की जाएगी।