आगरा की सभी 690 ग्राम पंचायतों में आधार नामांकन और अपडेट मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे बच्चों का नया आधार गांव में ही बन सकेगा। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के नए आधार नहीं बनेंगे, लेकिन पता, मोबाइल नंबर और बायोमीट्रिक समेत जरूरी विवरण अपडेट किए जा सकेंगे।
आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में आधार संबंधी सेवाओं को लोगों के घर के करीब उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। पंचायती राज विभाग जिले की सभी 690 ग्राम पंचायतों में आधार नामांकन एवं अपडेट मशीनें स्थापित करेगा।
विज्ञापन
इन मशीनों के माध्यम से बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे। 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के नए आधार कार्ड नहीं बनेंगे। इनके आधार में आवश्यक संशोधन जैसे पता, मोबाइल नंबर, बायोमीट्रिक या अन्य विवरण अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
विभाग का मानना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर यह व्यवस्था लागू होने से आधार सेवाएं अधिक सुलभ होंगी। खासकर नवजात और स्कूली बच्चों का आधार बनवाने में ग्रामीण परिवारों को राहत मिलेगी। वहीं आधार अपडेट का काम भी गांव में ही होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी।