फोटो10मृतक युवक अजीत का फाइल फोटो।
सहावर। गांव ताली में बृहस्पतिवार की देर रात एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इससे जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि युवक अक्सर नशे की हालत में आत्महत्या करने की बात कहता रहता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई।
गांव ताली निवासी अजीत (25) ने बृहस्पतिवार की देर रात कमरे में चारपाई पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। मृतक के दादा सियाराम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे और बहू की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। घर में वह और दो नाती हैं। अजीत बड़ा था, जबकि सुमित छोटा है। दोनों की शादी नहीं हुई। अजीत शराब पीने का आदी था।
बृहस्पतिवार की देर रात वह शराब पीकर घर आया और अपने कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद उसने अपने शरीर और चारपाई पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। इससे जलकर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि अजीत काफी समय से शराब पीता था। कई बार वह नशे की हालत में आत्महत्या करने की बात कहता रहता था। संवाद