दन्नाहार। थाना क्षेत्र के गांव नगला पैज में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर एक युवक का गांव के ही लोगों से झगड़ा हो गया। झगड़े के कुछ देर बाद युवक ने गांव के बाहर नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने नामजद लोगों पर पीटने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव पैज निवासी 30 वर्षीय सुभाष चंद्र सोमवार की शाम मोबाइल को ब्लूटूथ स्पीकर से कनेक्ट कर तेज आवाज में गाना सुन रहा था। गांव निवासी सोनू ने जब आवाज धीमी करने की बात कही तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान हाथापाई भी हुई। ग्रामीणों ने झगड़ा शांत कराने के बाद दोनों को घर भेज दिया। इसके कुछ देर बाद सुभाष ने गांव के बाहर नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी पर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई अहिवरन सिंह ने नामजद लोगों पर पीटने का आरोप लगाया। वहीं प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर झगड़े के बाद सुभाष द्वारा खुदकुशी की बात सामने आई है। जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।