मैनपुरी। शहर के राधारमन रोड पर मंगलवार की देर शाम सड़क पार कर रहे युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के डीएन नगर निवासी 30 वर्षीय शिवप्रताप सिंह चौहान फिरोजाबाद में एक सिक्योरिटी एजेंसी चला रहे थे। मंगलवार की शाम करीब आठ बजे वह पैदल कहीं जा रहे थे तभी सड़क पार करने के दौरान मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने बाद चालक गाड़ी को लेकर भाग गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया। रास्ते में ही शिवप्रताप ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया।