आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के मल्ल का पुरा क्षेत्र में शुक्रवार रात ट्रांसपोर्टर असगर अली की कार की टक्कर से मौत के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। शुक्रवार को एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। बताया जा रहा है कि वीडियो जीएसटी टीम के साथ जीएसटी अधिकारी के पति के खेरिया मोड़ पर ट्रक रुकवा कर धमकाने का है।
शाहगंज के मेवाती गली निवासी असगर अली 3 अप्रैल की रात ट्रक में माल लोड कर जयपुर ले जा रहे थे। फतेहपुर सीकरी टोल के पास जीएसटी के सचल दस्ते की अधिकारी रेशू ने टीम के साथ ट्रक रोका था और चालक के साथ ट्रक को जयपुर हाउस स्थित कार्यालय भेजा था। 4 अप्रैल की सुबह परिजन को असगर अली का शव मल्ल का चबूतरा के पास मिला था। बेटे अब्दुल ने जीएसटी की एक अधिकारी, उसके पति, पुराने ड्राइवर सहित दो अन्य पर हत्या का शक जताया था।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज पुलिस काे मिला था। जालौन नंबर की कार उन्हें टक्कर मारते दिखी थी। वीडियो में चालक बिना हाॅर्न दिए तेज गति में पीछे से टक्कर मारने के बाद बिना कार रोके भागता दिखा था। परिजन ने सुनियोजित तरीके से हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला हादसे की धाराओं में दर्ज किया था पर तहरीर में शक के घेरे में आए लोगों के भी नाम लिखे थे। पुलिस कार और चालक की तलाश कर रही है।
सर्विलांस का लिया जा रहा सहारा
पुलिस साजिश के बिंदु पर जांच कर रही है। घटना जालौन के नंबर की गाड़ी से हुई है और जीएसटी अधिकारी की ससुराल जालौन के पास के जिले में है। ऐसे में वारदात में उनका कनेक्शन है या यह महज इत्तफाक, इसका पता करने के लिए सर्विलांस की सहायता ली जा रही है।
गुर्गों से करवा रहे थे परेशान
असगर अली के बेटे सजमन ने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद पिता को लगातार धमकी मिल रही थी। परिवार लंबे समय से डरा सहमा हुआ था। पिता ने प्रेसवार्ता कर अपने ऊपर मंडरा रहे खतरे के बारे में बताया था। शनिवार को पिता और उनके साथी पुलिस से दोनों की शिकायत करने जा रहे थे। उससे पहले उनकी मौत हो गई।
शाहगंज इंस्पेक्टर को दी जांच
मामले की जांच इंस्पेक्टर शाहगंज राजीव त्यागी को दी गई है। वह पहले एटीएस में भी रहे हैं। मामले की सही और निष्पक्ष जांच के लिए सर्विलांस और साइबर टीम भी जुटी हुई हैं। पुलिस हादसा और साजिश दोनों एंगल से जांच कर रही है। - सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी