बटेश्वर। ब्रज की काशी कहे जाने वाले और यमुना के तट पर बसे तीर्थ धाम बटेश्वर के लोक मेले में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कार्तिक मेले पर विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वर, नागा साधु और संत यमुना नदी में डुबकी लगाकर पारंपरिक शाही स्नान करेंगे। पहले शाही स्नान के लिए लोक मेला परिसर में डेरा डाल चुके महामंडलेश्वर, नागा साधु और संतों के अखाड़ों में अलसुबह से बम-बम भोले और हर-हर महादेव गूंजने लगते हैं।
मेला क्षेत्र में संत रामानंद सरस्वती के विष्णु सन्यास धाम आश्रम, वनखंडेश्वर मंदिर पर महामंडलेश्वर बाबा बालक दास महाराज (परमहंस), माैनी बाबा अखाड़ा, संत बाबा हरि शरणदास, उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा, बाबा चरणदास समेत कई प्रमुख संतों के अखाड़े और शिविर सज चुके हैं। महामंडलेश्वर बाबा बालक दास के सानिध्य में शाही स्नान का यह अनुष्ठान वर्षों से चला आ रहा है। संतगण एकादशी, पूर्णिमा और अन्य विशेष तिथियों पर अमृत स्नान और यमुना आरती की भव्य रूपरेखा तय करते हैं।
सप्तकोसी परिक्रमा देकर अस्त्र-शस्त्रों से करतब दिखाएंगे नागा संत
एकादशी पर पहले शाही स्नान से पूर्व संत-महात्माओं की टोलियां बाबा बटेश्वरनाथ और शौरीपुर क्षेत्र की सप्तकोसी परिक्रमा देंगी। परिक्रमा मार्ग पर नागा साधु और संत परंपरागत अस्त्र-शस्त्रों तलवार, गदा और भाले के साथ हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
400 साल पुरानी है परंपरा
बटेश्वर मेला करीब 400 साल पुराना इतिहास समेटे हुए है। पशु मेले के बाद अब लोक मेले और धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो चुका है। लोक मेला में उत्तर प्रदेश के अलावा देशभर से श्रद्धालुओं और संत-महंतों, नागा साधुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
शाही स्नान का महत्व
बाबा बालक दास महाराज ने बताया कि मान्यता है कि शाही स्नान के अवसर पर यमुना में डुबकी लगाने से व्यक्ति के जन्म-जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं। इसे शाही (राजसी) स्नान इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इसमें विभिन्न अखाड़ों के संत, महात्मा और नागा साधु राजाओं की तरह ठाट-बाट से घाट पर पहुंचते हैं। परंपरा के अनुसार, सबसे पहले विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत और नागा सन्यासी विशेष नक्षत्र और ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करते हैं। जिसके बाद आम श्रद्धालुओं को स्नान करने का अवसर मिलता है।