मैक्स की टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, खंदक में गिरी लोडर गाड़ी
पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र में आगरा-बाह मार्ग पर स्याहीपुरा चौराहे के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार लोडर मैक्स ने सड़क किनारे खड़े ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टक्कर के बाद अनियंत्रित मैक्स सड़क किनारे 4 फीट गहरी खंदक में जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव पुरा जवाहर निवासी अरविंद शुक्रवार सुबह अपना ऑटो सड़क किनारे खड़ा कर पास में शौच के लिए गया था। इसी दौरान आगरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही लोडर मैक्स ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद मैक्स अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के समय ऑटो में कोई सवारी या चालक मौजूद नहीं था। वहीं, मैक्स चालक भी बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात सुचारू कराया।
हादसे में सभी सुरक्षित हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करा दिया था, मामले में जांच की जा रही है।
- अनिल कुमार, एसीपी