आगरा में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से केंद्र सरकार के विभिन्न विभाग में मल्टी टास्किंग स्टाफ की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में एक सॉल्वर पकड़ा गया। सिकंदरा स्थित आरकेजीएम कॉलेज में परीक्षा थी, जिसमें आरोपी असली परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर अपनी फोटो लगाकर आया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सॉल्वर को जेल भेजा गया है।
सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरके गुप्ता मेमोरियल कॉलेज जीएसएस इंफोसिस्टम में एसएससी एमटीएस की परीक्षा चल रही है। सोमवार सुबह 8:20 बजे प्रथम पाली की परीक्षा में एक परीक्षार्थी आया। कर्मचारी परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर प्रवेश पत्र और आईडी कार्ड चेक कर रहे थे। इसी दौरान कर्मचारियों को एक परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र संदिग्ध लगा।