आगरा। यूएई में खेली जा रही इंटरनेशनल क्रिकेट लीग (आईएलटी-20) में आगरा के बल्केश्वर निवासी तजिंदर ढिल्लन की शानदार बल्लेबाजी ने दर्शकों को रोमांच और टीम को मजबूती दी। टीम जीत के करीब पहुंच रही थी, तभी रन लेने के दौरान उनके पैरों की नसों और मांसपेशियों में खिंचाव हो गया। उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और टीम हार गई।
तजिंदर ढिल्लन मुंबई इंडियंस अमीरात टीम से खेल रहे थे। अबूधाबी में टीम शारजाह वॉरियर्स से मुकाबला हुआ। मुंबई इंडियंस अमीरात लक्ष्य का पीछा करने उतरी। तजिंदर ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए। जिसमें दो चौके और एक छक्का रहा। लग रहा था मुंबई इंडियंस अमीरात आसानी से मुकाबला जीत लेगी। तभी तजिंदर को बीच मैदान बल्लेबाजी छोड़कर पवेलियन जाना पड़ा। तजिंदर के मैदान से बाहर जाते ही टीम की लय टूटी और टीम को हार का सामना करना पड़ा।