फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र में एक विवाहिता को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और लाखों के जेवर व नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना निबोहरा में दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि आरोपी सुनील निवासी डॉक्टरपुरा पिछले एक वर्ष से उसे फोन पर बातचीत कर अपने झांसे में ले रहा था। 21 अप्रैल को सुनील ने उसे साथ भागने का लालच दिया और घर से जेवर व नकदी लेकर काली माता मंदिर के पास पहुंचने को कहा। पीड़िता जब मंदिर पहुंची, तो आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके पास मौजूद सारे जेवर व नकदी लूटकर ले गए। पीड़िता ने विरोध किया और अपने सामान की मांग की, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह धिमिश्री चौकी पहुंची और परिजन को सूचित किया। पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।