आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के पश्चिमपुरी रोड पर एसी मैकेनिक की हत्या के मामले में पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी हिमांशु पंडित उर्फ शनि को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। यह मथुरा के फरह का निवासी है।
पश्चिमपुरी रोड पर 1 जनवरी 2025 को दो गुटों में मारपीट और फायरिंग हुई थी। घटना में जगदीशपुरा के बोदला, राहुलनगर निवासी एसी मैकेनिक आमिर की गोली लगने से मौत हुई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की थी। पिता ने बताया था कि बेटे के दोस्त का झगड़ा रवि चौधरी, समरत अग्रवाल, रवि चौधरी अटूस, विकास चाहर, विवेक सोलंकी, केडी पंडित, सलमान और अन्नू से हुआ था।
कलश दीक्षित उर्फ केडी को मुठभेड़ के बाद और उसके साथी मन्नू यादव, कौशिक शर्मा, आकाश उर्फ अक्कू और सलमान, दूसरे गुट से रवि चौधरी, शुभम वर्मा, प्रदीप वर्मा और किशन यादव को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। बृहस्पतिवार देर रात हिमांशु पंडित उर्फ शनि को सींगना गांव के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।