आगरा। बेहतर और सुरक्षित सफर के नाम पर नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से करीब ढाई रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टोल टैक्स वसूला जा रहा है लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक उलट है। शहर से गुजरने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह टूटे डिवाइडर, गहरे गड्ढे और मुख्य मार्ग पर भरा पानी राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। टोल चुकाने के बावजूद चालकों को जाम और हादसों के खतरे के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
हाईवे की सबसे अधिक दुर्दशा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में देखने को मिल रही है। शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले आगरा-मथुरा हाईवे पर मेट्रो निर्माण कार्यों के चलते यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। कई संवेदनशील स्थानों पर डिवाइडर और उनकी रेलिंग क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, जिसका फायदा उठाकर पैदल यात्री और बाइक सवार सीधे डिवाइडर के ऊपर से वाहन निकाल रहे हैं। इससे न केवल उनकी अपनी जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक आ जाने से बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, बेसहारा पशुओं की आवाजाही और गलत दिशा से आने वाले वाहन भी जानलेवा साबित हो रहे हैं।
जल निकासी के उचित प्रबंध न होने के कारण सर्विस रोड और हाईवे के मुख्य हिस्सों में जलभराव भी हो रहा है, जिससे डामर उखड़ने लगा है और वाहनों की रफ्तार थम जाती है।
पड़ताल में सामने आया कि आईएसबीटी के आसपास न तो पर्याप्त संकेतक लगे हैं और न ही सुरक्षा के इंतजाम हैं। मेट्रो के काम के चलते हटी रेलिंग की जगह से यात्री भारी सामान लेकर सड़क पार कर रहे हैं। यही हाल एसआरके मॉल के सामने का है, जहां नगला पदी और आसपास के लोग रेलिंग फांदकर निकलते हैं।
कमला नगर क्षेत्र में भी हाईवे का डिवाइडर टूटा होने से स्थिति गंभीर है, जबकि रामबाग चौराहे के पास अवैध बस स्टॉप के कारण सवारियां जान जोखिम में डालकर हाईवे के आर-पार होती हैं। यमुना पुल पार करते ही जिस स्थान पर पूर्व में हादसा हुआ था, वहां आज तक रेलिंग की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे आम लोग और बाइक सवार वहीं से रास्ता बना रहे हैं। आगे गोयल अस्पताल के पास भी टूटी रेलिंग और संकेतकों के अभाव में महिलाएं व बच्चे रोजाना मौत के साये में सड़क पार करने को मजबूर हैं।
मेट्रो का काम बढ़ा रहा खतरा
चार खंभा और लंगड़े की चौकी के आसपास मेट्रो निर्माण के कारण हाईवे और सर्विस रोड बंद या संकरा हो गया है। इसकी वजह से समस्या और विकट हो गई है। सर्विस रोड का विकल्प न होने के कारण वाहन चालक अचानक बने कटों से सीधे मुख्य हाईवे पर चढ़ते हैं, जिससे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों से टकराने का संकट बना रहता है।
सर्विस रोड बना नाला
नेशनल हाईवे की सर्विस रोड कई जगह नाला बन गया है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय से आईएसबीटी के बीच दोनों ओर हाईवे किनारे बना नाला बिन बारिश उफना रहा है। सर्विस रोड पर नाले की वजह से पानी भर है। जलभराव से दोपहिया व साइकिल सवारों को खासी परेशानी हो रही है।
टूटी रेलिंग का सर्वे कराया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से उनकी जगह नई रेलिंग लगाई जाएंगी। नाला उफनाने की जानकारी मिली है। सिकंदरा से आईएसबीटी के बीच काम शुरू करा दिया गया है। दीपक खटाना, घटना प्रबंधक, एनएचएआई