कासगंज। रविवार की सुबह से ही शहर के साथ-साथ बाहरी क्षेत्राें में भी जाम के हालात नजर आए। वाहन चालकों को मिनटों का सफर तय करने में घंटों का समय लगा। जाम में फंसे बेतरतीब वाहनों के चलते यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में बेबस नजर आई। वाहन चालक जाम से जूझते हुए बमुश्किल गंतव्य स्थान तक पहुंचे।
भाईदूज पर्व होने के कारण शनिवार की देर शाम से ही सड़कों पर भाई-बहनों का घर की ओर निकलना शुरू हो गया था। इसे लेकर बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन पर तो भीड़ रही ही। अपने-अपने वाहनों से घर की ओर जाने वाले लोगों के कारण सड़कों पर भी काफी भीड़ रही। यही कारण रहा कि रविवार की सुबह से ही शहर की सड़कों के साथ बाहरी क्षेत्र की सड़कों पर भी अधिक संख्या में वाहनों के हाेने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर के बिलराम गेट, सर्कुलर रोड, लक्ष्मीगंज, बारहद्वारी, सोरों गेट, नदरई गेट, सहावर गेट, अमांपुर रोड गल्ला मंडी के निकट जाम लगाने में आड़े तिरछे तरीके से फंसे हुए ऑटो, ई रिक्शा चालकों का भी योगदान रहा।
जाम में फंसे लोग जाम के दंश से बिलबिलाते रहे। इसके चलते लोगों को गंतव्य स्थान तक पहुंचने में लगने वाला मिनटों का समय घंटों में तब्दील हो गया। वह जाम से निकल कर बमुश्किल गंतव्य तक पहुंचे। इस दौरान चौराहों पर यातायात पुलिस की मुस्तैदी दिखली लेकिन उनकी संख्या नाकाफी रही।