आगरा। जापान से ताजमहल देखने आगरा आए 27 वर्षीय पर्यटक की सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे प्रवेश लाइन में तबीयत बिगड़ गई। पश्चिमी गेट पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने पर्यटन सुविधा केंद्र से चिकित्सक बुलाकर प्राथमिक उपचार दिलवाया। इसके बाद एंबुलेंस से पर्यटक को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया गया।
ताजमहल देखने आए 27 वर्षीय पर्यटक कोयो दोपहर करीब 1:00 बजे परिसर में दाखिल होने के लिए प्रवेश लाइन में लगे हुए थे। इसी दौरान गर्मी और उमस की वजह से उसे चक्कर आ गया। आसपास के लोगों ने कोयो को संभाला। इसकी सूचना टिकट जांच रहे कर्मचारियों ने पश्चिमी गेट पर पश्चिम में तैनात क्विक रिस्पांस टीम को दी। पर्यटन सुविधा केंद्र से तत्काल ही चिकित्सक और एंबुलेंस पर्यटक की मदद के लिए उपलब्ध कराया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद कोयो को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां उपचार के बाद पर्यटक को छुट्टी दे दी गई।