किरावली फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने विधानसभा में रखी डेढ़ दर्जन विकास की मा
किरावली। फतेहपुर सीकरी के विधायक चाैधरी बाबूलाल ने सोमवार को विधान सभा में क्षेत्र के लोगों की आवाज बुलंद की। वित्त मंत्री के बजट भाषण के बाद विधायक ने विधान सभा में बोलते हुए डेढ़ दर्जन मांगें रखीं। इन्हें पूरा किए जाने की पुरजोर मांग उठाई।
विधायक चौधरी बाबूलाल ने विधानसभा में कहा औरंगजेब से मजबूती से लडने वाले तथा सनातन धर्म की रक्षा करने वाले वीर गोकुला जाट की आगरा शहर के मध्य भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए। आगरा में ताजमहल के पास भरतपुर रियासत लोहागढ़ के महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए। कस्बा किरावली के मिनी ग्रामीण स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किरावली के कागाराैल मार्ग पर 12 करोड़ 33 लाख, 87 हजार रुपये की लागत से बनाई गई आईटीआई कैंपस को छात्रों के हित में अविलंब शुरू कराया जाए, ताकि छात्र प्रशिक्षण ले सकें। विधायक ने तेरह मोरी पर बांध का पुनः निर्माण कराते हुए पानी की व्यवस्था कराने और विधान सभा क्षेत्र में राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं राजकीय कन्या इंटर काॅलेज की स्थापना की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि विधान सभा के राजस्थान से सटे 70, 80 गांवों के किसानों के पास सिंचाई के साधन नहीं हैं, फसलों की सिंचाई के लिए स्थाई व्यवस्था कराई जाए। फतेहपुर सीकरी कस्बे के समग्र विकास के लिए महायोजना बनाकर लागू कराई जाए। फतेहपुर सीकरी दरी गलीचों के लिए सरकारी माल खरीद केंद्र खोला जाए। जसवंत आयोग रिपोर्ट के आधार पर आगरा में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना कराई जाए। किरावली में सरकारी गल्ला मंडी का निर्माण कराया जाए।किरावली सीएचसी पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किरावली में बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए। आगरा में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम से यूनिवर्सिटी में शोध पीठ स्थापित कराई जाए। आलू के सरकारी खरीद केंद्र खोले जाएं। किरावली नगरपंचायत का विस्तार अभैदौपुरा तक कराया जाए। चाै. बाबूलाल ने कहा सीकरी विधान सभा क्षेत्र के तीनों गांव रुनकता, साधन और रायभा की आबादी 40 से 45 हजार है, इनको नगर पंचायत बनाया जाए। विधायक चौधरी बाबूलाल ने बताया सदन से सभी मांगें पूरी होने का आश्वासन मिला है।