आगरा। थाना सदर के सीओडी क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात चौकीदार सुरेश (50) की हत्या हुई थी। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में उसके दोस्त ने हमला किया था। मौत के बाद भी उसने चेहरे पर ईंट से कई बार प्रहार किए थे। सीसीटीवी और अन्य माध्यम से जांच के घेरे में आए दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
नगला भवानी सिंह निवासी सुरेश चौकीदार थे। सीओडी के पास मैदान में उनका शव मिला था। चेहरे पर ईंट से प्रहार कर बेरहमी से हत्या की गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में सुरेश को बुंदू कटरा के निवासी राजवीर कुशवाह के साथ जाते देखा गया था। घटना के बाद से राजवीर लापता था।
पुलिस ने शनिवार देर रात राजवीर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब पीते समय सुरेश लड़ने लगा। गालियां देने पर उसे गुस्सा आ गया और उसने पास ही पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गया। उसे डर था कि होश में आने पर सुरेश उसे पुलिस से पकड़वा देगा। इसलिए हत्या कर दी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सीसीटीवी से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।