आगरा। थाना लोहामंडी में राज्य कर अधिकारी ने बोगस फर्म बनाकर 13 करोड़ से अधिक की कर चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि फर्म बनाने के लिए नगर निगम के फर्जी दस्तावेज लगाए गए। गलत मोबाइल नंबर दिए गए। पता भी गलत दिया। जांच में मामला सामने के बाद फर्म का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।
राज्य कर अधिकारी खंड-4 अमित कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि विभाग में ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा के अनुसार फर्म जगदीश जी ट्रेडर्स के दस्तावेजों की जांच की गई। इस फर्म को 16 जुलाई को पंजीकृत कराया गया। फर्म का पंजीकरण 21 जुलाई को निरस्त कर दिया गया। फर्म के पते पर टीम ने जांच की। इसमें सामने आया कि कोई फर्म माैजूद नहीं है।
इसके मालिक जगदीश के बारे में भी स्थानीय लोग कोई जानकारी नहीं दे सके। व्यापार के बारे में भी जानकारी से इन्कार कर दिया। पंजीकरण में दर्शाया गया मोबाइल नंबर भी बंद था। दूसरे नंबर पर कॉल करने पर रिसीव नहीं हुआ। जीएसटी पोर्टल पर अपलोड किए गए नगर निगम के प्रपत्र में लिखा गाैतम नगर कहीं नहीं मिला। सामने आया कि बोगस फर्म बनाकर 13 करोड़ की आईटीसी की चोरी की गई। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि फर्म के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।