बाह। जरार में नाईशाला स्थित कामाक्षी देवी के मंदिर पर सोमवार को मेला लगा। अपनी मुराद पूरी होने पर देवी भक्तों ने नेजा चढ़ाए, मंदिर की परिक्रमा लगाने एवं हवन यज्ञ में आहुतियाँ देने के लिए सुबह से शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर से जुड़ने वाले बाह, जरार, बिजौली, धोबई, अलवेलीपुरा के रास्तों पर दिन भर देवी भक्तों का रैला उमड़ा।
भजन, कीर्तन और लांगुरिया गाते हुए देवी भक्त मंदिर पर पहुंचे। रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाली वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। मंदिर के पुजारी नंदी एवं होतम सिंह ने बताया कि कामाक्षी देवी के मंदिर पर 50 से ज्यादा नेजा चढ़े हैं। देवी भक्तों ने बच्चों के मुंडन कराए हैं, हवन यज्ञ के बाद भंडारे में प्रसाद का वितरण किया है।