आगरा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची की स्थिति साफ हो चुकी है। जिले में नौ विधानसभा क्षेत्र में 3696 बूथों पर 8.36 लाख मतदाताओं के नाम कट गए हैं। जिनके नाम कट गए हैं। या जो मतदाता गणना फॉर्म जमा नहीं कर सकें हैं। उनके लिए 6 फरवरी तक सूची में नाम दर्ज कराने का अंतिम मौका है। उन्हें फॉर्म-छह के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है।
मतदाता पंजीकरण फॉर्म के साथ पहली बार घोषणा पत्र लागू किया गया है। इस घोषणा पत्र में आवेदक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, एपिक नंबर और 2003 की सूची में माता, पिता या संरक्षक का एपिक नंबर व विवरण भरा जाएगा। घोषणा पत्र पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के हस्ताक्षर होंगे।
नए मतदाताओं के अलावा ऐसे मतदाता जो स्थानांतरित हो चुके हैं। वह फॉर्म-8 के साथ इस घोषणा पत्र को भरेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि घोषणा पत्र में मिथ्या सूचनाएं देना दंडनीय अपराध है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत गलत जानकारी भरने पर एक वर्ष तक का कारावास हो सकता है।
उन्होंने बताया कि 6 फरवरी तक सभी नए मतदाता बनने, नाम में संशोधन या स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म भरे जाएंगे। ड्रॉफ्ट मतदाता सूची पर दावा और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
गणना फॉर्म का प्रारूप है घोषणा पत्र
- एसआईआर के दौरान बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म भरवाए थे। फॉर्म-6 और 8 के साथ भरा जाने वाला घोषणा पत्र भी गणना फॉर्म का ही एक प्रारूप है। जिसमें वह सभी जानकारियां मतदाता को दर्ज करानी होंगी जो एसआईआर के दौरान गणना प्रपत्र में भरी गई थीं। जिले में 8.36 लाख मतदाताओं के नाम सूची से कट गए हैं। इन मतदाताओं ने गणना फॉर्म जमा नहीं किए। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इनमें मृतक, अनुपस्थित, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं।
27 फरवरी तक देना होगा नोटिस का जवाब
- एसआईआर के बाद नौ विधानसभा क्षेत्र में 3.25 लाख मतदाताओं का रिकाॅर्ड 2003 की सूची से मेल नहीं खा रहा। ऐसे सभी मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस का जवाब उन्हें 27 फरवरी तक देना होगा। नोटिस के जवाब के साथ आधार और निर्वाचन आयोग से निर्धारित 13 प्रकार के दस्तावेज में कोई एक उपलब्ध कराना होगा। 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
एमएलसी शिक्षक और स्नातक की सूची भी जारी
- उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए अनंतिम मतदाता सूची मंगलवार को जारी हो गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि आगरा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर https://agra.nic.in/deo-portal/ लिंक के माध्यम से इच्छुक लोग एमएलसी स्नातक व शिक्षक मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। सभी राजनीतिक दलों को एक-एक प्रति उपलब्ध कराई जा चुकी है। स्नातक व शिक्षक खंड क्षेत्र में आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, कन्नौज, इटावा, फरुर्खाबाद, हाथरस, औरेया शामिल हैं।
पंचायत की सूची में फर्जी की जांच शुरू
- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अनंतिम मतदाता सूची जारी हो चुकी है। बुधवार से सूची का कंप्यूटरीकरण शुरू हो गया। 20 फरवरी तक चलने वाली इस प्रक्रिया के दौरान पंचायत की सूची में फर्जी मतदाताओं की जांच की जाएगी। पंचायत की सूची पर 50 से अधिक आपत्तियां आई थीं। जिनका निस्तारण किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद एम बंगारी ने बताया कि 28 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाश होगा। इस दौरान सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रहेंगे।