इलाहबांस। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस में बुधवार को एक 10 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही परिजन ने बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस निवासी धनुष कुमार बाथम बुधवार की सुबह पत्नी के साथ खेत पर काम करने गए थे। उनका 10 वर्षीय पुत्र करन घर में खेल रहा था। कुछ देर बाद परिजन करन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार बालक ने बोरियों पर खड़े होने के बाद रस्सी का फंदा अपने गले में डाल दिया। वहीं दूसरा छोर दरवाजे के कुंडे में डाल दिया। बालक ने बोरियों से छलांग लगा दी।
इसके चलते उसकी मौत हो गई। इस बीच गांव निवासी एक बालक घर आया और करन को फंदे पर लटका देख परिजन को जानकारी दी। परिजन बालक को जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर आ गए। परिजन ने बगैर पुलिस कार्रवाई बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।