आगरा के मंसुखपुरा के गढ़ का पुरा गांव में सोमवार शाम महाकुंभ जाने के लिए मंगवाई गई निजी बस में हाईटेंशन लाइन का तार छू जाने से करंट फैल गया। श्रद्धालु बस में सवार हो रहे थे। झटका लगने से कई दूर जा गिरे तो कई ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई। सात श्रद्धालु झुलस गए, जिनमें दो गंभीर हैं। चीख पुकार होने पर ग्रामीणों ने बल्लियों से विद्युत लाइन को ऊपर किया।
मंसुखपुरा के कई गांवों के लोग महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। सोमवार शाम 4:30 बजे गढ़ का पुरा गांव में बस में यात्री चढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बैक करते समय बस हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई और यात्रियों को झटके लगे। इस पर बस में सवार करीब 40 श्रद्धालुओं में भगदड़ और चीख पुकार मच गई। श्रद्धालुओं ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे में पापरी नागर के रामू, तालपुरा के जगदीश, सुखभान पुरा की राजकुमारी, गढ़ का पुरा की कमला देवी, मंसुखपुरा की रूबी, सर्वेश, नांद का पुरा की सुनीता देवी घायल हो गए। कुछ को करंट लगा है तो कुछ गिरकर घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पिनाहट सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सीएचसी से रामू और कमला देवी को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया। एसओ मंसुखपुरा ने बताया कि श्रद्धालुओं से भरी बस को बैक करते समय एचटी लाइन के संपर्क में आने से हादसा हुआ है। झुलसे और घायलों को अस्पताल भिजवाया है।
बांस से हटाए तार, कटवाई बिजली
गढ़ का पुरा गांव में एचटी लाइन के संपर्क में आई बस से चिंगारी उठने पर चीख पुकार के बीच गांव के लोग बांस-बल्ली लेकर आए और तार अलग किए। पापरी नागर विद्युत केंद्र पर सूचना देकर बिजली कटवाई। बस को आगे किया, तब कहीं जाकर लोगों की जान में जान आई।
ईश्वर की कृपा से बचे, बाद में जाएंगे महाकुंभ
बस में एचटी लाइन का करंट दौड़ने से श्रद्धालुओं के परिजन मौके पर पहुंच गए। अपनों को सुरक्षित पाकर उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से बचे हैं। फिलहाल उन्होंने महाकुंभ की यात्रा रद्द कर दी है। इस संकल्प के साथ घर लौटे हैं कि महाकुंभ के स्नान के लिए बाद में जरूर जाएंगे।