मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्चे ने घर में रखे डीजल को धोखे से पी लिया। डीजल पीने से बालक की तबियत बिगड़ी तो जानकारी हुई। परिजन बालक को जिला अस्पताल ले गए। तबियत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने सैफई रैफर कर दिया जहां उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर हविलिया निवासी अमित पांडेय किसान हैं। खेती-बाड़ी करने के लिए ट्रेक्टर रखते हैं। घर में ट्रेक्टर के लिए ड्रम में डीजल रखा था। ड्रम से डीजल निकालने के लिए पाइप का प्रयोग करते हैं। शनिवार देर शाम उनके नौ वर्षीय पुत्र जय ने पाइप द्वारा डीजल पी लिया। डीजल पीने से बालक की तबियत बिगड़ी तो परिजन को जानकारी हुई।
आनन-फानन में बालक को लेकर जिला अस्पताल गए। हालत बिगड़ती देख डाक्टरों ने उसे सैफई रैफर कर दिया। रविवार दोपहर उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। गमगीन माहौल में परिजन बालक को घर ले आए। बालक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। रविवार को परिजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।