आगरा। अब गरीब भी गंभीर रोगों का इलाज करा सकेंगे। एसएन मेडिकल कालेज में नामीगिरामी प्राइवेट हास्पिटल जैसी चिकित्सकीय सुविधा मिलेंगी। 80 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशलिटी सेंटर बनेगा। इसमें जटिल आपरेशन कर बीमारियों का उपचार संभव होगा।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत एसएन मेडिकल कालेज में 600 बेड का सुपर स्पेशलिटी सेंटर खोला जाएगा। इसमें न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी के अलावा बर्न पेशेंट के मरीजों का ऑपरेशन कर उनकी जान बचाई जा सकेगी। बच्चों के दिल में छेद का इलाज, एंजियोग्राफी, आर्थोप्लास्टी जैसी सुविधा भी मिलेंगी। इन सभी विभागाें के लिए 30-30 बेड के सबसेंटर बनाए जाएंगे। वहीं सभी विभाग के लिए पांच-पांच बेड का आईसीयू भी होगा। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने तक मरीजों को यहीं भर्ती रखा जाएगा।
प्राचार्य डा. अजय अग्रवाल ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी सेंटर के लिए चिकित्सक, टेक्नीशियन व अन्य स्टाफ की नियुक्ति होगी, वहीं आपरेशन के लिए लेटेस्ट मशीनें खरीदी जाएंगी। विभागाध्यक्षों से इस बाबत ब्योरा मांगा है।