आगरा। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज में रैगिंग का मुद्दा गुरुवार को चर्चा में रहा। पांच सीनियरों द्वारा रैगिंग लिए जाने के मामले की जांच एंटी रैगिंग सेल को सौंप दी गई है। हालांकि, तब तक पांचों आरोपी निष्कासित रहेंगे। आरोपी सीनियरों ने जूनियरों से दबाव बनाकर सुलह की कोशिश भी की।
बुधवार की रात 2013 और 2012 बैच के जूनियर छात्रों ने सीनियरों पर शराब के नशे में मारपीट करने, मुर्गा बनाने और गाली-गलौज का आरोप लगाया था। प्राचार्य डॉ. अजय अग्रवाल को एक छात्र ने शिकायत दी कि ‘सर, अगले माह मेरी प्रोफेशनल परीक्षा है। सीनियर मेरे कमरे में आकर मुझे मुर्गा बनाते हैं। मैं अत्यधिक तनाव में हूं’। इसके बाद प्राचार्य ने पांच छात्रों का हास्टल से निष्कासित कर दिया था। प्राचार्य डॉ. अजय अग्रवाल का कहना है कि मामले की शिकायत एंटी रैगिंग सेल में की गई है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को उपस्थित होना है। सेल जो भी निर्णय देगा उसके बाद प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।