आगरा। अगले वित्तीय वर्ष के लिए नई व्यवस्थापन नीति लागू कर दी गई है। अब दो साल के लिए शराब दुकान की गारंटी मिलेगी। पहले प्रति वर्ष नवीनीकरण होता था। मॉल्स में दुकान खोलने की योजना पर ब्रेक लग गया है। अंग्रेजी शराब की लाइसेंस फीस में 15 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। साथ ही देशी शराब का छह प्रतिशत कोटा बढ़ा दिया गया है।
नई नीति के तहत गुरुवार को नवीनीकरण का आखिरी दिन था। सूत्रों ने बताया कि देशी के 50, अंग्रेजी के 40, बीयर के 40 और सात मॉडल शॉप का नवीनीकरण नहीं हो पाया है। ये सभी घाटे वाली दुकानें हैं। दूसरे चरण में लाटरी पद्धति से खाली रह गई दुकानें आवंटित की जाएंगी। इसके बाद भी कोई दुकान बची रह जाएगी तो तीसरे चरण में निविदा के माध्यम से इन्हें उठाया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी आरएन यादव ने बताया कि जनपद में लगभग 614 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति शराब की बिक्री से होती है। व्यवस्थापन नीति के अनुसार दुकानों का नवीनीकरण किया गया है।
दुकानें
देशी 240
अंग्रेजी 192
बीयर 186
मॉडल शॉप 26
भांग 41