आगरा। मंटोला के घटिया मामू भांजा में एक ही समुदाय के दो पक्षों में दूध की दुकान पर विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। मारपीट के बाद पथराव और बोतल फिंकाई शुरू हो गई। बाजार में दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इससे भगदड़ मच गई। बवाल की सूचना पर सीओ छत्ता पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बलवाइयों को खदेड़ दिया। पथराव में कई लोग चुटैल हुए हैं। देर रात एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बलवाइयों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटिया मामू भांजा में शमीम की दूध की दुकान है। रात तकरीबन 10:30 बजे ढोलीखार और घटिया के युवक दुकान पर खड़े थे। बताते हैं कि विवाद बाबा और कागरौलिया के परिवारों के बीच हुआ। यहां किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ओर से लोग मोर्चा संभालकर पथराव करने लगे। कांच की बोतलें भी फेंकी जाने लगीं। इससे बाजार में अफरा तफरी मच गई। पथराव इतना तेज था कि एक पुलिस की हिम्मत भी वहां जाने की नहीं हुई। कुछ ही देर में सीओ छत्ता करुणाकर राव पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बलवाइयों को खदेड़ दिया। पुलिस के पहुंचने पर दोनों में किसी पक्ष के लोग सामने नहीं आए। पथराव में आधा दर्जन लोग चुटैल हुए हैं। सीओ का कहना है कि बवाल करने वालों को दोनों मोहल्लों से चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दूध की दुकान से दूधिया सिंटू को हिरासत में ले लिया है।
घटना-दो
छेड़खानी को लेकर मारपीट, हंगामा
थाना हरीपर्वत इलाके में मंदिर में पूजा करने जा रही युवतियों से छेड़खानी करने पर दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान उनमें जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने नगला धनी के चार युवकों को नशे की हालत में हिरासत में लिया है।
हरीपर्वत के एक क्षेत्र की रहने वाली युवतियां रविवार शाम को मंदिर में पूजा करने गई थीं। लोगों ने बताया कि यहां पर आए सात-आठ युवक उनसे छेड़खानी करने लगे। युवतियों ने विरोध किया तो उनसे अभद्रता कर डाली। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने भी विरोध किया तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर हरीपर्वत थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चार युवकों को दबोच लिया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवक रोजाना शराब पीकर छेड़खानी करते हैं। इसको लेकर आए दिन विवाद होते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि झगड़ा चंदे को लेकर हुआ है। कुछ युवक चंदा मांगने पहुंचे थे। इसी के विवाद में मारपीट हो गई, कार्रवाई की जा रही है। झगड़े की तीसरी घटना ताजगंज के तुलसी नगर में हुई। यहां कूड़ा डालने को लेकर पड़ोसियों में मारपीट हो गई। नाई की मंडी के कटरा नील में कस्टोडियन मकान में रहने वाली नूरजहां का अन्ना और जाहिद से विवाद हो गया। यहां भी पुुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।