आगरा। फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के विकास की रणनीति शुक्रवार को यहां तय की जाएगी। इसके लिए कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की ओर से शुक्रवार को पोस्ट हार्वेस्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया है। फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में केंद्र और राज्य सरकार के साथ विभिन्न उद्योगों से जुडे़ प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यशाला में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के अलावा वेयरहाउसिंग तथा कोल्ड चेन विकास पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। इसमें प्रदेश के कृषि मंत्री आनंद सिंह, राज्य कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक रंजन, फूड प्रोसेसिंग मंत्रालय के सचिव शिराज हुसैन, वेयरहाउसिंग डेवलपमेंट एंड रेग्युलेटरी अथारिटी के संयुक्त सचिव रणवीर सिंह, कारगिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के शिराज ए चौधरी, नेशनल कोलेटरल मैनेजमेंट सर्विसेज के सीईओ संजय कौल, यूसर एग्रो लिमिटेड के प्रबंध निदेशक वीके चतुर्वेदी, डानफास इंडिया के निदेश राजेश प्रेमचंद्रन शामिल होंगे।
सीआईआई के उप निदेशक राजेश गोपीनाथन ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ सुबह दस बजे होगा। इसके बाद फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा देने विषय पर आलोक रंजन का मुख्य व्याख्यान होगा। इसमें आगरा कोल्ड स्टोरेज आनर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजेश गोयल कोल्ड स्टोरेज को मजबूती देने पर विचार रखेंगे। कार्यक्रम के समन्वयक राजेश श्रीवास्तव हैं।