आगरा। गंगाजल प्रोजेक्ट अब गति पकड़ने लगा है। बुलंदशहर के पालड़ा फाल से आगरा तक पाइप लाइन बिछाने की प्रक्रिया के मद्देनजर सोमवार को जल निगम में प्री बिड क्वालिफिकेशन आमंत्रित की गई। देश की करीब 22 नामीगिरामी कंपनियां इसमें शामिल हैं। प्री बिड पहले लखनऊ मुख्यालय और उसके बाद जायका को भेजी जाएगी।
आगरा में गंगाजल की आपूर्ति के लिए जल निगम, जायका की मदद से करीब 2887 करोड़ रुपये की योजना पर काम कर रहा है। 2012 में प्रोजेक्ट कंपलीट होना था, लेकिन अब 2017 में पूरा होगा। सोमवार को जल निगम कार्यालय में प्री बिड क्वालिफिकेशन आमंत्रित की गई। देश की करीब 22 कंपनियों ने इनमें हिस्सा लिया। प्रोजेक्ट मैनेजर गंगाजल राकेश कुमार के मुताबिक चयनित कंपनी को 2100 एमएम की स्टील पाइप लाइन करीब 97 किलोमीटर, 2800 एमएम की लाइन करीब 33 किलोमीटर, 1600 एमएम की लाइन करीब 20 किलोमीटर, 800 एमएम की पाइप लाइन करीब 12 किलोमीटर तक बिछानी होगी। यह काम दिसंबर 2013 तक शुरू होना है।
ये कंपनियां हैं मैदान में
आगरा। पाइप लाइन डालने की करीब 1600 करोड़ रुपये का काम लेने के लिए एलएंडटी लिमिटेड, एसपीएमल इंफ्रास्ट्रक्चर, टैक्शन, हिंदुस्तान इंफ्रास्ट्रक्चर, मेगा इंजीनियरिंग, इंडियन बूम पाइप लिमिटेड, प्रतिभा इंडस्ट्रीज, जैमन इंडिया, जीकेसी प्रोजेक्ट, साईंसुधीर इंफ्राटेक, आवीआरसीएल, जेआईटीएस, एस्सार प्रोजेक्ट, नागार्जुन, जिंदल आदि मैदान में कंपनियां हैं। एक कंपनी का चीन की कंपनी से भी करार है।
तीन चरणों के बाद होगा करार
आगरा। प्रोजेक्ट के तहत जल निगम को पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी को दिसंबर तक फाइनल करके करार करना होगा। दिसंबर के अंत तक पाइप लाइन डालने का काम शुरू कराना होगा। परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार के मुताबिक सोमवार को हुई प्री बिड क्वालिफिकेशन पहले लखनऊ, फिर जायका को भेजी जाएगी। इसके बाद टेक्निकल बिड की प्रक्रिया शुरू होगी। अंत में फायनेंशियल बिड के बाद कंपनी से करार होगा।