आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में धड़ल्ले से सामूहिक नकल हो रही है। सचल दल ने सोमवार को मथुरा के एसएम कॉलेज से भारी मात्रा में नकल सामग्री जब्त की। उत्तर पुस्तिका में समान जवाब मिलने पर दल ने सामूहिक नकल की रिपोर्ट तैयार की है।
पाली डूंग्रा, मथुरा स्थित एसएम डिग्री कॉलेज में सुबह की पाली में बीए फाइनल का हिंदी भाषा का पेपर था। सचल दल जब कॉलेज में पहुंचा तो गेट पर ही उनके वाहनों को रोक दिया गया। दल के सदस्य बमुकिश्ल कॉलेज में पहुंचे। कक्षों में पहुंचने पर दल ने जब छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं देखीं तो सभी के उत्तर एक से मिले। शक होने पर दल के सदस्यों ने छात्रों से प्रश्नों के उत्तर पूछे तो छात्र किसी का भी उत्तर नहीं दे सके। इसके बाद दल ने खिड़कियों के पास से भारी मात्रा में मॉडल पेपर और पर्चियां बरामद की। दल ने नकल सामग्री को जब्त कर लिया। सचल दल प्रभारी डॉ. विनय प्रताप सिंह ने बताया कि भारी मात्रा में नकल सामग्री बरामद की गई है। कुलपति को सामूहिक नकल की रिपोर्ट भेजी जाएगी।