पिनाहट/बाह। उटंगन नदी में स्नान के दौरान डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। जबकि अन्य घटना में तीन सगे भाई नदी में डूब गए। गोताखोरों ने उन्हें बचा लिया।
पिनाहट के गांव लामहरी (सेख) निवासी सुनील (13) और विष्णु (14) मंगलवार शाम तकरीबन पांच बजे समीप के गांव नागर में दावत खाने जा रहे थे। बताते हैं कि उटंगन नदी के पास पहुंचते ही उन्होंने नदी में नहाने की योजना बनाई। इसके बाद वे नदी में उतर गए। इसी बीच दोनों गहरे पानी में डूब गए। यह देख वहां से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया तो खेत में काम कर रहे लोग नदी में कूद गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाल लिए गए। इसकी जानकारी पर उनके परिवारीजन भी पहुंच गए। उधर, राजस्थान के दुल्हारा नागरौल निवासी सगे भाई रामू, श्यामू और श्रीराम भागवत कथा के समापन के बाद जवारे विसर्जन को बटेश्वर घाट पर आए थे। इस दौरान घाट पर रामू नहा रहा था, तभी उसका पैर फिसला और वह डूबने लगा। चीखपुकार पर दोनों भाई भी नदी में कूद पड़े और डूब गए। यह देख वहां से गुजर रहे लोगों ने गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर सतेंद्र गोस्वामी, प्रमोद और रमलू ने कड़ी मशक्कत कर तीनों को बचा लिया। उन्हें नर्सिंगहोम भिजवाया गया, वहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।