आगरा। शहीद नगर स्थित सौ फुटा शमसाबाद रोड पर दो बाइकों के बीच में स्टंट कर रहा युवक गिर जाने से घायल हो गया। परिवारीजन उसे नर्सिंगहोम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने डॉक्टर पर उपचार न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नर्सिंगहोम में तोड़फोड़ की।
बागराजपुर ज्योति नगर निवासी दिनेश (21) पुत्र प्रेम सिंह होली पर दोस्तों के साथ सौ फुटा शमसाबाद रोड पर दो बाइकों के बीच में खड़ा होकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन उसे लेकर शहीद नगर स्थित नर्सिंग होम मेें पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवारीजनों ने डॉक्टरों पर इलाज न करने का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल में हंगामा किया। जमकर तोड़फोड़ भी की। सूचना पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को इमरजेंसी ले आई। यहां पर जब पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही तो परिवारीजनों ने फिर हंगामा किया। इंस्पेक्टर सदर ने किसी तरह उन्हें शांत किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि स्टंट के दौरान हादसा हुआ था।
सड़क हादसे में दो की मौत
आगरा। सड़क हादसोें में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगला रामबल, एत्माद्दौला निवासी श्रीनिवास (25) होली पर अपनी ससुराल टूंडला गया था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर लौट रहा था। शाम करीब पांच बजे परिवारीजनों को पुलिस से सूचना मिली कि श्रीनिवास हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके बाद घरवाले इमजेंसी पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के साले राजेश कुमार ने बताया कि मंडी समिति पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से श्रीनिवास की मौत हुई है। वाहन को पकड़ा नहीं जा सका है। वहीं, थाना सदर के कंपनी गार्डन के समीप गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नवीन बघेल उर्फ रवि निवासी सदर के रूप में की गई।