आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की खामियों से परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए छात्रों के लिए अंतिम मौका है। ऐसे छात्र प्रोविजनल परीक्षा फार्म भर सकेंगे। विवि ने नोडल सेंटर पर फार्म भरने के निर्देश विवि की वेबसाइट पर जारी किए हैं।
बीए, बीएससी और बीकॉम के छात्रों के परीक्षा फार्म भरे जा चुके हैं। तमाम छात्र मार्कशीट में गड़बड़ी और रिजल्ट जारी न होने से परीक्षा फार्म नहीं भर सके हैं। इनके लिए विवि प्रशासन ने प्रोविजनल परीक्षा फार्म भरवाने का निर्णय लिया है। जन संपर्क अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2012 की रिजल्ट संबंधी समस्याओं से परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए छात्र नोडल सेंटर पर फार्म भर सकते हैं। ऐसे छात्रों की जानकारी संबंधित कॉलेजों को विवि की मेल आईडी पर भेजनी होगी।
13 नोडल सेंटर बनाए गए
विवि की दो अप्रैल से शुरू हो रही स्नातक की परीक्षाओं के लिए सभी जिलों में नोडल सेंटर बनाए हैं। आगरा में आगरा कॉलेज, सेंट जोंस कॉलेज और गर्वनमेंट डिग्री कॉलेज, फतेहाबाद सहित मथुरा, मैनपुरी, एटा, फीरोजाबाद में 13 नोडल सेंटर बनाए गए हैं।