बाह। ताज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रस्ताव के विरोध में किसानों ने केबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह की चौपालों में अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान मंत्री ने उन्हें समझाया कि किसानों की मर्जी के बिना भूमि अधिग्रहण नहीं किया जाएगा।
मंत्री अरिदमन सिंह ने पिढ़ौरा, बरपुरा, गुर्जा शिवपाल, गंजनपुरा, बलाई आदि गांवों में चौपाल के दौरान जनसमस्याएं सुनी। इस दौरान शिकायतों को दूर करने के लिए उन्होंने बीडीओ लाल बहादुर, एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, तहसीलदार आरएसधर द्विवेदी को निर्देश दिए। मंत्री की चौपालों में ताज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विरोध का मामला छाया रहा। किसानों ने मंत्री से दो टूक कहा कि ‘हम अपने आशियाने की उजड़ने नहीं देंगे।’ उन्होंने मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। इस पर मंत्री ने आश्वस्त किया कि किसानों की मर्जी के बिना भूमि अधिग्रहण नहीं होने देंगे। इसके बाद मंत्री सपा कार्यालय पहुंचे, वहां कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कन्या विद्याधन, किसानों की कर्ज माफी, जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं जनता तक पहुंचाने में मदद करें। इस दौरान विजय सिंह, सुग्रीव, मनोज, दिवाकर सिंह, गजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सौदान गुर्जर, लालू तोमर आदि मौजूद थे।