किरावली। टीम अरविंद केजरीवाल के अहम सदस्य संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जनता के साथ धोखा कर रही है। घोटाले दर घोटाले किए जा रहे हैं और आम आदमी को महंगाई तले दबाया जा रहा है। आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतने को तैयार हो जाना चाहिए। अरविंद केजरीवाल की पार्टी के नाम के बारे में उन्होंने लोगों में जोश भरते हुए कहा कि 26 नवंबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर पहुंचे, वहीं पार्टी के नाम की घोषणा की जाएगी।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरने दिल्ली से यहां आए संजय सिंह ने कहा कि हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। कोई भी काम बगैर सुविधा शुल्क दिए नहीं होता। यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर हो जाए तो महंगाई से आम आदमी को न जूझना पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में बैठे लोग कोयला खा गये, कामनवेल्थ गेम का पैसा खा गए लेकिन राहुल गांधी ने इस विषय पर चुप्पी साध रखी है। उन्होंने अपील की कि लोकसभा चुनाव में स्वच्छ छवि और ईमानदार व्यक्ति को ही वोट दें ताकि देश की साख पर बट्टा न लगे। उन्होंने कहा 26 नवंबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर जरूर पहुंचे, वहीं पार्टी के नाम की घोषणा की जाएगी। इसके बाद वे कुपवाड़ा में शहीद हुए उदय सिंह के परिवारीजनों को भी ढांढस बंधाने गए। उन्होंने शहीद स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं सभा का संचालन सुधीर ने किया। इस मौके पर दीपक सरीन, डा. संजीव कुमार, सुधीर कुमार, बचन सिंह सिकरवार, नरेश दैया, डा. प्रभा, डा. स्वदेश, आकाश जैन, गौरव, रमेश श्रीवास्तव, विवेक यादव, देवी सिंह आदि उपस्थित थे।