आगरा। विदेशी कंपनियां जनता को लूटने की तैयारी कर रही हैं। एलआईसी में एफडीआई के निवेश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। यह बातें आगरा डिवीजन इंश्योरेंस एंपलाइज एसोसिएशन संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनके पचौरी ने कही।
यूथ हॉस्टल में आयोजित अधिवेशन में उन्होंने कई जिलों से आए एलआईसी कर्मियों को सचेत किया कि एलआईसी का लाइफ फंड 16 लाख करोड़ के आसपास है, जिसे निजी क्षेत्र कम करना चाहता है। एफडीआई के जरिए विदेशी कंपनियां आएंगी और आम आदमियाें के बचत लाभों को लूट कर ले जाएंगी। अधिवेशन में संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अशोक तिवारी ने कहा कि सरकार एलआईसी में विदेशी निवेश को 49 फीसदी करने की तैयारी है। इसके लिए सरकार आगामी सत्र में बिल पास करेगी । उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ऐसा करती है तो कर्मचारी इसका विरोध करेंगे। सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में एलआईसी के मंडल प्रबंधक राम कृष्ण, सांसद डा. रामशंकर कठेरिया, राजेश शर्मा, अश्वनी तोमर, संजय दीक्षित, एमसी गांधी, देवीदास, हरसेवक चौहान, अरविंद सिंह राठौर, अभय शर्मा, जुगल किशोर, अवंतिका शर्मा, पुष्पेंद्र पाल सिंह, एके आजाद, विजय चाहर, एपी सिंह समेत कई जिला के कर्मचारी मौजूद रहे।