बाह। बटेश्वर तीर्थ में शिवमंदिर श्रंखला के घाटों पर प्रतिमा विसर्जन के साथ शुक्रवार को गणेश जी का जन्मोत्सव संपन्न हो गया। इस मौके पर बटेश्वर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। गणपति बप्पा मोरिया... की पुकार से घाट गूंजते रहे।
गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक चलने वाले गणेश जी के जन्मोत्सव गांव-कसबों और गलियों में गणपति प्रतिमा स्थापित कर मनाया गया। गणेश जी के जन्मोत्सव शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो गया। इस मौके पर कसबे के विभिन्न इलाकों से विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में बैंडबाजों की धुन पर गणेश जी के भक्त जमकर झूमे। खूब अबीर और गुलाल उड़ा। बाह, पिनाहट, जैतपुर, भदरौली कसबों से बटेश्वर तीर्थ तक पहुंची विसर्जन यात्राओं में गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ... की गूंज सुनाई दी। बटेश्वर के घाटों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और यमुना नदी में गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। मैनपुरी, एटा, फीरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, धौलपुर, भिंड, मुरैना तक की गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर शुक्रवार को दिन भर चला।